Friday, September 20, 2024
Google search engine
HomeJewellers NewsGold Prices Difference: सोने का भाव हर शहर में अलग-अलग क्यों होता...

Gold Prices Difference: सोने का भाव हर शहर में अलग-अलग क्यों होता है, जानिए कारण

Gold Prices Diffrence: सोने का भाव हर शहर में हर दुकान पर अलग-अलग होता है। क्या आपको पता है चेन्नई और लखनऊ में 22 कैरेट सोने के भाव में 2280 रुपए प्रति 10 ग्राम का अंतर है। चेन्नई में 10 ग्राम सोना 31, 420 रुपए का है वहीं लखनऊ में इसका भाव 33700 रुपए हैं।

इसी तरह चेन्नई और मुंबई में 1 किलो चांदी के भाव में 2 हजार रुपए का अंतर है। 1 किलो चांदी चेन्नई में 40300 रुपए की है वहीं मुंबई में ये 38300 रुपए प्रति किलो मिल रही है।

ये तो हो गई अलग-अलग शहरों की बात। आपको ये जानकर हैरानी होगी कि आपके शहर की हर दुकान पर सोने का भाव अलग-अलग है। इसके पीछे कई कारण हैं। आज इसी मुद्दे पर गोल्ड प्राइस टुडे चर्चा करेगा।

सोने का भाव दो तरह का होता है एक हाजिर बाजार (स्पॉट मार्केट) का भाव और एक वायदा बाजार (फ्यूचर्स) MCX का भाव। स्पॉट बाजार के भाव पर ही आम ग्राहकों को गहनें और सोना, चांदी बेचा जाता है।

भाव के अंतर को समझने से पहले आपको सोने की शुद्धता को समझना होगा। सोना मुख्य तौर पर 24 कैरेट, 22 कैरेट और 18 कैरेट में मिलता है। 24 कैरेट का सोना 99.9 फीसदी शुद्ध होता है। वहीं 22 कैरेट का सोना 91.6 फीसदी शुद्ध होता है। 24 कैरेट सोने का भाव 22 कैरेट से ज्यादा होता है क्योंकि ये ज्यादा शुद्ध है। सोने की कीमत में अंतर इस शुद्धता के कारण आता है। इसलिए पहला कारण सोने की शुद्धता का है।

लखनऊ सर्राफा एसोसिएशन के वरिष्ठ महामंत्री प्रदीप अग्रवाल ने बताया कि कैरेट का सोना शुद्धता के हिसाब से कम होता है लेकिन मजबूती के लिए जेवर 22 कैरेट का ही बनाया जाता है।

अब आते हैं मेकिंग चार्ज की बात पर। सोने के गहनों को बनाने के लिए हर ज्वेलर अलग-अलग मेकिंग चार्ज लेता है। ये चार्ज गहने के मुताबिक 1 से 15 फीसदी तक हो सकता है। भाव में अंतर का दूसरा कारण मेकिंग चार्ज है। ये अलग-अलग दुकान पर अलग-अलग होता है। इससे भाव ऊपर नीचे हो जाता है।

अब बात करते हैं सर्राफा एसोसिएशन की। हर शहर में सर्राफा एसोसिएशन है जो दिन में 2 बार भाव तय करता है। इस भाव के हिसाब से उस शहर में उस दिन सोना बिकता है। ये भाव अंतराष्ट्रीय स्तर पर चल रही सोने की कीमत और MCX पर चल रहे भाव के आधार पर तय किया जाता है।

आप जिस दिन खरीद करने गए उस दिन अगर सोने का भाव MCX पर तेज है तो आपको सोना महंगा मिलेगा। हर शहर के भाव पर उसके पुराने समय से चले आ रहे भाव का असर पड़ता है। तो भाव में अंतर का तीसरा कारण सर्राफा एसोसिएशन का तय होने वाला भाव है।

इसके बाद आते हैं सोने पर ज्वेलर की खरीद की लागत पर। कई बड़े ज्वेलर्स बड़ी मात्रा में सोने की खरीद करते हैं। आपके ज्वेलर ने अगर सस्ते भाव पर पहले से सोना खरीद रखा है तो हो सकता है वहां आपको कुछ कम भाव पर सोना मिल जाए। सोने की कीमत में उतार-चढ़ाव होता रहता है इसलिए जिस लागत पर ज्वेलर सोना खरीदता है वो भी बहुत महत्वपूर्ण है। तो सोने के भाव में अंतर का चौंथा कारण ज्वेलर की खरीद है।

सोने के ट्रांसपोर्टेशन की लागत के कारण भी सोने के भाव में अंतर आ सकता है। सोना एक महंगी धातु है इसको लाने ले जाने का खर्च ज्यादा होता है। ये खर्च अलग-अलग शहर में ज्वेलर को अलग आ सकता है। इस कारण सोने के भाव में अंतर का पांचवा कारण सोने को ले जाने की लागत है।

रुपए की डॉलर के मुकाबले कीमत का असर भी सोने के भाव पर पड़ता है। भारत में सोना विदेश से आता है ऐसे में उसका पेमेंट डॉलर में होता है। अगर डॉलर के मुकाबले रुपया कमजोर होगा तो ज्वेलर को सोने की ज्यादा कीमत देनी होगी। इससे भाव बढ़ जाएगा।

आज 1 डॉलर 69 रुपए का है। अगर 1 डॉलर 75 रुपए का हो जाएगा तो ज्वेलर के लागत 6 रुपए बढ़ जाएगी। अगर रुपया डॉलर के मुकाबले मजबूत हुआ तो सोने की कीमत कम होगी क्योंकि ज्वेलर को कम रुपयों का पेमेंट करना पड़ेगा। तो सोने के भाव में अंतर का छठा कारण रुपए और डॉलर की कीमत है।

आगे सोने के भाव में तेजी रहेगी या मंदी, यहां क्लिक कर जानिए बड़े एक्सपर्ट की राय

अब बात करते हैं ज्वेलर्स की दुकान की। अगर ज्वेलर की बड़ी दुकान है उसमें एसी लगा है और कई कर्मचारी काम करते हैं तो इसका खर्च भी वो अपने ग्राहकों से ही निकालेगा। बड़े शोरूम पर हो आपको ज्वेलरी महंगी मिलेगी। वो दुकानदार आपसे प्रीमियम वसूलेगा। तो अलग-अलग दुकान पर भाव में अंतर का सातवा कारण ज्वेलर की दुकान है। इन सभी कारणों से हर शहर की हर दुकान पर सोने का भाव अलग-अलग होता है।

नोट: आप अगर रोजाना ये अपडेट अपने मोबाइल पर चाहते हैं तो सबसे पहले हमारा व्हाट्सएप नंबर 8448469588 सेव कर लें। इसके बाद अपना और अपने शहर का नाम हमें इस व्हाट्एप नंबर पर लिखकर भेजें। आप अपने शहर का सोने का भाव भी हमें व्हाटएसप कर सकते हैं। अपने सुझाव आप हमें goldkabhav@gmail.com पर भी ईमेल कर सकते हैं।

डिस्क्लेमर: ये लेख सिर्फ जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। अगर आप कोई भी निवेश करते हैं तो पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय अवश्य लें। भाव की हमारी कोई भी जिम्मेदारी नहीं है। गोल्ड प्राइस टूडे से जुड़े लोग निजी तौर पर सोने चांदी की खरीद, बिक्री या ट्रेडिंग नहीं करते हैं। आपको होने वाले किसी भी नुकसान की जिम्मेदारी गोल्ड प्राइस टूडे की नहीं होगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular