Silver Price 2020: चांदी के भाव में अचानक से चमक आ गई है। अप्रैल से अब तक चांदी के भाव में 33 फीसदी की तेजी आ चुकी है। क्या चांदी के भाव में तेजी का चक्र शुरू हो चुका है। चांदी का भाव (Silver Price) अगले 2 साल (2020 और 2021) में कहां तक जा सकता है आज एक्सपर्ट के जरिए हम आपको बताएंगे।
चांदी का भाव (Silver Price) हाजिर बाजार में 54 हजार रुपए से 56 हजार रुपए प्रति किलो पर चल रहा है। चंडीगढ़ में तो 21 जुलाई को चांदी का भाव 56500 रुपए प्रति किलो हो गया। वहीं MCX पर चांदी का वायदा भाव भी 55 हजार के पार पहुंच चुका है।
ऐसे में बाजार के जानकारों का मानना है कि चांदी के भाव (Silver Rate) में तेजी का दौर शुरू हो चुका है। इसके पीछे कई कारण हैं। 2 साल में चांदी का भाव कितना हो सकता है ये जानने से पहले जान लेते हैं कि चांदी के भाव में तेजी क्यों आ रही है और आगे भी तेजी के क्या कारण हैं।
चांदी कीमती धातु होने के साथ ही एक इंडस्ट्रियल धातु भी है। इसका इंडस्ट्री में कई तरह से उपयोग होता है। आप जो सोलर पैनल देखते हैं उनके फोटो वोल्टिक सेल बनाने में चांदी का उपयोग होता है। इसके अलावा चांदी का उपयोग सेमी कंडक्टर चीप, फार्मा सेक्टर, एलईडी समेत कई जगह होता है। इसकी आधी मांग तो इंडस्ट्री में ही चली जाती है।
सुनारों, ज्वेलर्स और स्वर्णकारों से जुड़े लेटेस्ट वीडियो देखने के लिए स्वर्णकारों के यूट्यूब चैनल (लिंक) को सब्सक्राइब करें।
2020 में कोरोना के कारण पूरे विश्व में कई देशों में अलग-अलग जगहों पर लॉकडाउन हुआ। इस कारण से इंडस्ट्री की गतिविधी पर असर पड़ा। अब धीरे-धीरे इसकी मांग बढ़ना शुरू हो गई है। कोरोना के कारण चांदी की माइनिंग गतिविधी भी प्रभावित हुई। इससे इसकी मांग बढ़ी।
अप्रैल से जून 2020 की तिमाही में भारत 2100 टन चांदी का आयात हुआ। इस दौरान सोने का आयात बहुत ही कम मात्रा में हुआ। चांदी की मांग को देखें तो पहली जनवरी 2020 से जून तक चांदी की मांग 10 फीसदी तक बढ़ गई। दूसरी तरफ चांदी के सिक्कों की बिक्री में 60 फीसदी की बढ़ोतरी देखी गई।
यही नहीं आपको जानकर हैरानी होगी कि 2020 की पहली छमाही में चांदी की ईटीएफ में होल्डिंग 5556 टन हो चुकी है। चांदी के ईटीएफ में रिकॉर्ड निवेश हो रहा है। ये सभी कारण चांदी के भाव में तेजी का संकेत दे रहे हैं। तो चांदी के भाव में कितनी तेजी आ सकती है इस पर एक्सपर्ट की राय जानते हैं।
एंजेल ब्रोकिंग में डिप्टी वीपी अनुज गुप्ता 2021 अंत तक चांदी का भाव 75 हजार रुपए प्रति किलो तक जाने का अनुमान है। उनके मुताबिक चांदी में निवेश की मांग बढ़ोतरी हुई है। दूसरी तरफ इंडस्ट्रियल गतिविधी बढ़ने से भी इसकी मांग बढ़ेगी।
सुनार भाईयों की समस्या और मुद्दों पर चर्चा के लिए हमारे आप हमारे फेसबुक ग्रुप (लिंक) से भी जुड़ सकते हैं।
वहीं पृथ्वी फिनमार्ट में कमोडिटी और करेंसी के डायरेक्टर मनोज जैन के मुताबिक MCX पर चांदी का वायदा भाव 2020 के अंत तक 60 हजार रुपए प्रति किलो तक जा सकता है। जैन ने Gold Price Today News से चर्चा में बताया कि चांदी का भाव 2021 के अंत तक 70 हजार रुपए हो सकता है।
रेलिगेयर ब्रोकिंग में मेटल, एनर्जी और करेंसी रिसर्च की वाइस प्रेसीडेंट सुगंधा सचदेवा के मुताबिक चांदी का भाव सोने से अच्छा प्रदर्शन कर सकता है। उन्होंने 2 साल में चांदी का भाव 70 हजार रुपए प्रति किलो जाने का अनुमान लगाया है। उनके मुताबिक गोल्ड सिल्वर रेश्यो पर भी नजर रखनी चाहिए।
केडिया कमोडिटी के प्रमुख अजय केडिया चांदी को लेकर बहुत बुलिश हैं। उनके मुताबिक अगले 2 साल में चांदी का भाव 1 लाख रुपए प्रति किलो तक पहुंच सकता है। उनके मुताबिक इकोनॉमी पटरी पर आने का फायदा चांदी के भाव को मिलेगा। केडिया ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर से भी चांदी में तेजी के संकेत मिल रहे हैं। फिर चाहे ईटीएफ होल्डिंग हो या चांदी के सिक्कों की बिक्री।
सोने, चांदी के भाव के लेटेस्ट अपडेट्स पाने के लिए आप हमारे टेलीग्राम ग्रुप (लिंक) से भी जुड़ सकते हैं।
मार्च में गोल्ड-सिल्वर रेश्यो 127 था जो अब घटकर 93 रह गया है। इसका अर्थ है एक किलो सोने में आप कितने किलो चांदी खरीद सकते हैं। मतलब आज के भाव में 1 किलो सोने में सिर्फ 93 किलो चांदी खरीदी जा सकती है। ये रेश्यो 2013 में घटकर 31 रह गया था जब चांदी का भाव 70 हजार रुपए प्रति किलो पहुंचा था। तो दोस्तों सोने पर नजर रखते हुए कहीं चांदी को ना भूल जाना क्या पता चांदी ही अच्छा रिटर्न दे जाए।
डिस्क्लेमर: ये लेख सिर्फ जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। अगर आप कोई भी निवेश करते हैं तो पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय अवश्य लें। भाव की हमारी कोई भी जिम्मेदारी नहीं है। गोल्ड प्राइस टूडे से जुड़े लोग निजी तौर पर सोने चांदी की खरीद, बिक्री या ट्रेडिंग नहीं करते हैं। आपको होने वाले किसी भी नुकसान की जिम्मेदारी गोल्ड प्राइस टूडे की नहीं होगी।




