Friday, September 20, 2024
Google search engine
HomeGold PriceGold Price Today: चीन ने भी टैरिफ लगाने का एलान किया, सोने...

Gold Price Today: चीन ने भी टैरिफ लगाने का एलान किया, सोने के भाव में बड़ी तेजी

Gold Price: अमेरिका और चीन में टैरिफ को लेकर टकराव बढ़ गया है। इससे सोने में तेजी देखी जा रही है। सोमवार रात अमेरिका के शेयर बाजारों में भारी गिरावट आई और सोने में तेजी का दौर आ गया। अमेरिकी स्टॉक एक्सचेंज डाओ जोंस 617 प्वाइंट गिर गया। नैस्डैक में भी 3.41 फीसदी की गिरावट आई।

जानकार आज सेंसेक्स और निफ्टी में भी बड़ी गिरावट की आशंका जता रहे हैं। अंतराष्ट्रीय बाजार में सोने का भाव 1300 डॉलर पर पहुंच गया। रात 8 बजे तक सोने का भाव 1290 डॉलर प्रति आउंस चल रहा था जो कि 1300 डॉलर हो गया है। इसमें 10 डॉलर की तेजी आई। जानकारों के मुताबिक अगर चीन और अमेरिका के बीच तनाव इसी तरह चलता रहा तो इसका फायदा सोने के भाव को मिलेगा।

अमेरिका में सोने के भाव बढ़ने का असर भारतीय सोने के भाव पर भी पड़ेगा। मुंबई के ज्वेलर कुमार जैन के मुताबिक आज सोने में तेजी का रूख रहेगा। सोमवार को भी भारतीय बाजार में सोने का भाव तेजी ही था।

चीन दूसरी तरफ अपना गोल्ड रिजर्व भी बढ़ा रहा है। पीपूल्स बैंक ऑफ चाइना ने लगातार 5वें महीने सोना खरीदा। उसने अपना रिजर्व अप्रैल में 61.1 मिलियन आउंस कर लिया। 2016 के बाद ये सबसे ज्यादा है।

चीन ने अमेरिका के 60 अरब के डॉलर के सामान पर 5 से 25 फीसदी टैरिफ बढ़ाने का एलान किया है। चीन अमेरिका के फ्रोजन सब्जी और नैचुरल गैस जैसे प्रोडक्ट पर टैरिफ बढ़ा रहा है। इससे पहले अमेरिका ने चीन के 200 अरब डॉलर के सामानों पर शुल्क बढ़ाया था।

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने चीन को कहा कि व्यापार समझौता नहीं करने पर वो बुरी तरह से प्रभावित होगा। चीन ने बयान में कहा कि ‘चीन को उम्मीद है कि अमेरिका द्विपक्षीय व्यापार वार्ता की सही पटरी पर लौटेगा, चीन के साथ काम करेगा और आपसी सम्मान एवं बराबरी पर आधारित दोनों पक्षों के लिये फायदेमंद समझौता करेगा।’

अमेरिका और चीन में अप्रैल 2018 से व्यापार युद्ध चल रहा है। दोनों देश बातचीत कर रहे हैं लेकिन ये सफल नहीं हुई। इसके बाद अमेरिका ने चीन के 200 अरब डॉलर के सामानों पर शुल्क लगा दिया। चीन ने पिछले साल अमेरिका को 539.5 अरब डॉलर का निर्यात किया था।

अमेरिका ने चीन को बहुत कम निर्यात किया। इसका आंकड़ा सिर्फ 120 अरब डॉलर रहा। सोने के भाव पर हमेशा अंतराष्ट्रीय स्तर पर चल रही हलचल का असर पड़ता है। इस बार चीन और अमेरिका का तनाव इसको प्रभावित कर रहा है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular