Friday, September 20, 2024
Google search engine
HomeGold PriceGold Price Outlook: सोने के भाव पर 23 मई को आने...

Gold Price Outlook: सोने के भाव पर 23 मई को आने वाले नतीजों का कितना असर होगा?

Gold Price Outlook: सोने के भाव पर नजर रखने वालों की 23 मई को लोकसभा चुनाव के आने वाले नतीजों का इंतजार है। लोकसभा चुनाव के नतीजें कैसे भी रहें इनका असर सोने के भाव पर पड़ेगा।

एक्जिट पोल को देखकर रुपए में मजबूती आई इस कारण सोने का भाव सोमवार को गिरा था। अब 23 मई के नतीजे के बाद गोल्ड प्राइस का आउटलुक कैसा रहेगा इस पर गोल्ड प्राइस टूडे ने एक्सपर्ट्स से बात की।

इंडियानिवेश में कमोडिटी के प्रमुख और रिसर्च हेड मनोज जैन ने बताया कि एक्जिट पोल में एनडीए की सरकार आने का अनुमान लगाया गया। इस कारण डॉलर के मुकाबले रुपए में मजबूती आ गई। इससे भारत में सोमवार को एमसीएक्स पर सोने के भाव में गिरावट देखी गई। जबकि इंटरनेशनल मार्केट में सोने का दाम फ्लैट था।

सोने के भाव और चुनाव के नतीजों का वैसे कोई संबंध नहीं होता है। पर सोने का भाव डॉलर के मुकाबले रुपया कैसा रहता है इस पर निर्भर करता है। चुनाव के नतीजों का सीधा असर रुपए पर पड़ेगा। अगर रुपया मजबूत हुआ तो सोने का भाव गिरेगा और रुपया कमजोर हुआ तो सोने का भाव तेज होगा।

अगर एक्जिट पोल जैसे ही चुनाव के 23 मई को नतीजे आएंगे तो रुपए में और मजबूती आएगी। डॉलर के मुकाबले रुपया 68 तक जा सकता है। इस कारण सोने के भाव में एमसीएक्स पर 400 से 500 रुपए की गिरावट आ सकती है। छोटी अवधि में सोना 31,000 तक जा सकता है।

मनोज जैन के मुताबिक इंटरनेशनल मार्केट में सोने को 1266 डॉलर का सपोर्ट है। ये सपोर्ट फिलहाल ब्रेक होने की उम्मीद नहीं है। अगर ब्रेक हुआ तो सोने में गिरावट बढ़ सकती है।

वहीं अगर एक्जिट पोल के नतीजों से चुनाव के नतीजें उलट रहे तो रुपए में पैनिक देखने को मिल सकता है। ऐसे में रुपए में कमजोरी आएगी और सोने के भाव में तेजी। अगर रिजल्ट एक्जिट पोल से उल्टा रहा तो सोने का भाव 32000 रुपए तक जा सकता है।

कार्वी स्टॉक ब्रोकिंग में रिसर्च हेड रवि सिंह ने गोल्ड प्राइस टूडे को बताया कि एक्जिट पोल के नतीजों को देखें तो इससे रुपया मजबूत होगा। जिसका असर सोने के भाव पर पड़ेगा। अगर यही नतीजे 23 मई को आए तो सोने में 2 से 3 फीसदी की गिरावट आएगी। सोने का वायदा भाव MCX पर 31000 रुपए तक जा सकता है।

वहीं रेलीगेयर में कमोडिटी रिसर्च की वाइस प्रेसीडेंट सुगंधा सचदेवा के मुताबिक सोने के भाव पर नजर रखने के लिए 2-3 बातों को समझना होगा। सुगंधा के मुताबिक अगर सत्ताधारी पार्टी को बहुमत मिला तो इनफ्लो बढ़ने के कारण रुपए में मजबूती आएगी। वहीं गठबंधन की सरकार बनने पर रुपया कमजोर होगा। इस कारण सोने का भाव बढ़ेगा।

इसके अलावा सोने के भाव के लिए अमेरिकी सेंट्रल बैंक फेडरल रिजर्व की बैठक पर भी नजर रखनी होगी। डॉलर इंडेक्स मजबूत हो रहा है। इंटरनेशनल स्तर पर सोने को 1265 डॉलर पर सपोर्ट है। वहीं भारत में अगर MCX पर सोने के भाव की 31400 रुपए से नीचे क्लोजिंग आई तो ये 30700 रुपए तक जा सकता है।

दूसरी तरफ ज्वेलर कुमार जैन के मुताबिक वैश्विक स्तर पर चल रहे तनाव के कारण आगे रुपए में कमजोरी के आसार हैं। इस कारण सोने के भाव में अब ज्यादा गिरावट देखने को नहीं मिलेगी।

2014 के चुनावों के नतीजों के बाद भी रुपए में मजबूत आई थी जिस कारण सोने का भाव गिरा था। छोटी अवधी में रुपए के मजबूत होने की उम्मीद है। जैन के मुताबिक सोने की घरेलू मांग है इस कारण इसमें बड़ी गिरावट की उम्मीद नहीं है।

नोट: आप अगर रोजाना ये अपडेट अपने व्हाट्सएप पर चाहते हैं तो हमें अपने नाम के साथ नंबर goldkabhav@gmail.com पर भेजे। आप अपने शहर के सोने के भाव की जानकारी देना चाहते हैं तो हमें अपने शहर का नाम और सोने, चांदी का भाव लिखकर goldkabhav@gmail.com पर ईमेल कर सकते हैं।

डिस्क्लेमर: ये लेख सिर्फ जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। ये एक्सपर्ट की राय है। अगर आप कोई भी निवेश करते हैं तो पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय अवश्य लें। गोल्ड प्राइस टूडे से जुड़े लोग निजी तौर पर सोने, चांदी की खरीद या बिक्री नहीं करते हैं। आपको होने वाले किसी भी नुकसान की जिम्मेदारी गोल्ड प्राइस टूडे की नहीं होगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular